• Sat. Sep 12th, 2026

हरियाणा के सहकारिता मंत्री ने कहा ,महर्षि वाल्मीकि प्रगट दिवस पर पंचकूला में होगा राज्य स्तरीय समारोह

हरियाणा। हरियाणा के सहकारिता एवं जनस्वास्थ्य मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि प्रगट दिवस के पावन अवसर पर 28 अक्तूबर को पंचकूला के इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में अनुसूचित जाति समाज के प्रथम व द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को पदोन्नति में आरक्षण दिए जाने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विशेष नागरिक अभिनन्दन किया जाएगा।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति समाज के प्रथम व द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को पदोन्नति में आरक्षण देकर ऐतिहासिक कार्य किया है। विभिन्न कर्मचारी एवं अधिकारी एसोसिएशनों की लम्बित मांग पूरी की है जो हरियाणा राज्य के गठन के बाद से किसी भी सरकार ने नहीं की। यह मुख्यमंत्री की अनुसूचित जाति की समाज हितैषी सोच को दर्शाता है। इस निर्णय से राज्य के अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशनों में खुशी की लहर है। इसलिए इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री का आभार जताने का निर्णय लिया गया है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां की जा रही है। इसमें प्रदेशभर के विभिन्न कर्मचारी एवं अधिकारी एसोसिएशन संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री का आभार जताएंगी। समारोह में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व केबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार, सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल बतौर अति विशिष्ट अतिथि शामिल होंगी। इसके अलावा होडल के विधायक जगदीश नायर, बवानी खेड़ा के विधायक बिशम्भर वाल्मीकि, विधायक रतिया लक्ष्मण नापा, विधायक पटौदी सत्यप्रकाश जरावता, नीलोखड़ी के धर्मपाल गोंदर, मुख्यमंत्री के राजनेतिक सचिव एवं पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी संगठन राज्य स्तरीय समारोह में विशिष्ठ अतिथि होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *