• Sun. Sep 13th, 2026

करनाल: ₹10 हजार रिश्वत लेते ASI रंगे हाथ गिरफ्तार, जमीन विवाद में ₹20 हजार की डिमांड का आरोप

Byalakhharyana@123

Jul 28, 2026 #Karnal
करनाल में ASI ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार | जमीन विवाद में एसीबी की बड़ी कार्रवाईकरनाल में ASI ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार | जमीन विवाद में एसीबी की बड़ी कार्रवाई

करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुंजपुरा थाना में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) अनुज को ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर जमीन के रास्ते के विवाद में कार्रवाई और समझौता कराने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते समय दबोच लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में एसीबी की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जाना बाकी है।

पहले ₹50 हजार मांगे, बाद में ₹20 हजार पर बनी बात

रिंडल गांव निवासी शिकायतकर्ता ऋषिपाल ने बताया कि गांव में जमीन के रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी थी और मौके पर जांच की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले ₹50 हजार रिश्वत की मांग की गई। बाद में मामला ₹20 हजार में तय हुआ। आरोप है कि समझौते की राशि दो किस्तों में ली गई।

दो किश्तों में ली रिश्वत

शिकायतकर्ता के मुताबिक, ₹10 हजार एक दिन पहले और ₹10 हजार मंगलवार को दिए गए। दोनों बार रकम थाना परिसर के रसोईघर में एएसआई अनुज को सौंपी गई। आरोप है कि रिश्वत मिलने के बावजूद आरोपी कार्रवाई को लगातार टालता रहा।

एसीबी ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

रिश्वत मांगने से परेशान शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप लगाया और आरोपी एएसआई को ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी करीब दो महीने पहले ही हेड कांस्टेबल से पदोन्नत होकर एएसआई बना था।

पहले भी लग चुके हैं आरोप

जानकारी के अनुसार, कुंजपुरा थाना रिश्वतखोरी के मामलों को लेकर पहले भी चर्चा में रहा है। इससे पहले भी इसी थाने के दो अधिकारियों पर रिश्वत लेने के आरोप में कार्रवाई हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *