• Fri. Sep 11th, 2026

500+ वैकेंसी, 50 से अधिक कंपनियां: 4 अगस्त को करनाल में लगेगा मेगा रोजगार मेला

500+ वैकेंसी, 50 से अधिक कंपनियां: 4 अगस्त को करनाल में लगेगा मेगा रोजगार मेला500+ वैकेंसी, 50 से अधिक कंपनियां: 4 अगस्त को करनाल में लगेगा मेगा रोजगार मेला

करनाल। हरियाणा सरकार के मंडल रोजगार कार्यालय, करनाल की ओर से बेरोजगार युवाओं के लिए 4 अगस्त 2026 को मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला डी.ए.वी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, करनाल में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ावा देना है।

रोजगार मेले का शुभारंभ हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, खेल, विधि एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री गौरव गौतम के करकमलों से किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे।

रोजगार मेले में 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और 500 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, डेयरी, फार्मास्यूटिकल, रिटेल, फूड प्रोसेसिंग और अन्य क्षेत्रों की कंपनियां शामिल हैं। प्रमुख कंपनियों में बेरी उद्योग, मॉडर्न डेयरीज, कर्नाल मोटर्स, उजाला सिग्नस हेल्थ केयर, ईरोस हॉस्पिटल, अमृतधारा माय हॉस्पिटल, शाह हॉस्पिटल, अर्पणा हॉस्पिटल, सेंचुरी प्लाईबोर्ड्स, जी लैबोरेट्रीज, ओसवाल पंप्स, ईब्रो इंडिया, गुडरिच फूड इंडिया, दूनर फूड्स सहित अनेक संस्थान युवाओं का साक्षात्कार लेंगे।

रोजगार विभाग के अनुसार 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन, स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी इस मेले में भाग ले सकते हैं। कंपनियां उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और साक्षात्कार के आधार पर करेंगी।

अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा (रिज्यूमे) की पांच प्रतियां, सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र (PPP), पासपोर्ट आकार के फोटो तथा यदि हरियाणा रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण है तो रोजगार पंजीकरण कार्ड भी साथ लाने की सलाह दी गई है।

मंडल रोजगार कार्यालय ने युवाओं से अपील की है कि वे पहले जारी QR Code के माध्यम से अपना पंजीकरण कर लें, ताकि रोजगार मेले में उनकी भागीदारी सुगम हो सके। पंजीकरण के बाद निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर विभिन्न कंपनियों के साक्षात्कार में भाग लिया जा सकता है।

रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मंडल रोजगार कार्यालय, करनाल के दूरभाष नंबर 0184-2266912 पर संपर्क कर सकते हैं।

एक नजर में
तिथि: 4 अगस्त 2026 (मंगलवार)
समय: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक
स्थान: डी.ए.वी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, करनाल
भाग लेने वाली कंपनियां: 50+
उपलब्ध वैकेंसी: 500+
योग्यता: 10वीं से स्नातकोत्तर तक
संपर्क: 0184-2266912

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *