• Sun. Sep 13th, 2026

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बौखलाया पाकिस्तान: पुंछ और उरी में भारी गोलाबारी, 13 भारतीयों की मौत, 60 घायल

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बौखलाया पाकिस्तान: पुंछ और उरी में भारी गोलाबारी, 13 भारतीयों की मौत, 60 घायलऑपरेशन सिंदूर के बाद बौखलाया पाकिस्तान: पुंछ और उरी में भारी गोलाबारी, 13 भारतीयों की मौत, 60 घायल

पुंछ/उरी (जम्मू-कश्मीर): बुधवार तड़के भारतीय सेना द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में हुई भारी क्षति के बाद पाकिस्तान ने अपनी बौखलाहट नागरिकों पर उतारी। पुंछ नगर, उरी, करनाह और आसपास के रिहायशी इलाकों में पाकिस्तानी सेना ने अंधाधुंध मोर्टार गोले दागे, जिसमें 13 भारतीय नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई और 60 से अधिक लोग घायल हो गए।

इस गोलाबारी में फरीदाबाद जिले के पलवल गांव नगला मोहम्मदपुर गुलावद निवासी जवान दिनेश कुमार शर्मा शहीद हो गए। भारतीय सेना ने इस हमले का माकूल जवाब दिया, लेकिन पाकिस्तान ने दिनभर पुंछ शहर और सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी शेलिंग जारी रखी।

निशाने पर मासूम, महिलाएं और धार्मिक स्थल

पाकिस्तानी गोलाबारी ने उस समय अमानवीय रूप ले लिया जब पुंछ शहर के डुन्गस मोहल्ला में रहने वाले मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। कामसर मोहल्ला, मुख्य बाजार, और जिला अस्पताल के पास भी मोर्टार शेल गिरे, जिनमें आम नागरिकों की मौत हुई।

सबसे दुर्भाग्यपूर्ण क्षति गुरुद्वारा सिंह सभा में हुई, जहां शेलिंग के दौरान मौजूद रागी अमरीक सिंह काका गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस गोलाबारी में पास के मंदिर और मस्जिद भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसे लेकर पूरे देशभर में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने की निंदा की जा रही है।

80% आबादी ने पुंछ छोड़ा, जम्मू की ओर पलायन

भय और आतंक के इस माहौल में पुंछ की लगभग 80% आबादी ने अपने घर छोड़ दिए हैं। जम्मू की ओर भाग रहे एक वाहन पर भी मोर्टार गिरा, जिसमें एक नवयुवक की मौत और तीन लोग घायल हो गए। जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन रेंगते रहे, जैसे पूरा शहर भागने की कोशिश कर रहा हो।

शैक्षणिक संस्थान बंद, परीक्षाएं स्थगित

एल.ओ.सी. पर बने तनावपूर्ण हालात के चलते बारामूला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गुरेज, राजौरी और पुंछ के स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद कर दिए गए हैं। कश्मीर यूनिवर्सिटी ने भी आगामी सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पाकिस्तान की बौखलाहट और कायरता का प्रतीक है कि उसने नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। इस हमले ने जहां मानवीय संकट को जन्म दिया है, वहीं भारत में शोक और आक्रोश की लहर है। शहीद जवान दिनेश कुमार शर्मा सहित सभी मृतकों को श्रद्धांजलि, और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना के साथ देश एकजुट है। Poonch attack, Operation Sindoor, India-Pakistan conflict, LOC shelling, Martyr Dinesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *