• Fri. Sep 4th, 2026

करनाल में राजनाथ की ‘हुंकार’,कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष को लिया आड़े हाथ ,बोले – कांग्रेस ने झूठ की राजनीति की

करनाल के घरौंडा में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को आयोजित विजय संकल्प रैली में करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के लिए वोट मांगे। इस मौके पर राजनाथ ने कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष को आड़े हाथ लिया।

रैली में पहुंचने पर करनाल से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल और अन्य नेताओं ने पगड़ी पहनाकर रक्षामंत्री राजनाथ का भव्य स्वागत किया। राजनाथ ने कहा कि आज नए भारत का निर्माण हो रहा है, आप खुशकिस्मत हैं कि आपके यहां मनोहर लाल प्रत्याशी हैं। देश का मस्तक ऊंचा होना चाहिए।आप मनोहर लाल को केवल सांसद नहीं चुन रहे हैं ‘कुछ और’ ही चुन रहे हैं।

कांग्रेस ने झूठ की राजनीति की
राजनाथ ने कहा कि 50 साल से ज्यादा तक जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपे रखी। उन्होंने हमेशा वोट बैंक के लिए झूठ की राजनीति की है। लेकिन आजाद भारत में पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर था, हमारी सरकार ने लगभग 22 हजार करोड़ रुपये भ्रष्टाचारियों से वसूल किए हैं। इन लोगों ने जनता का खून चूसा है। ये बहुत चालक हैं,गलत तर्क पेश करके जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने सेना के उपकरणों में घोटाले कर सेना को कमजोर करने का काम किया।

भाजपा सभी वादे पूरे करेगी
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा कभी झूठे वादे नहीं करती,हमने चुनाव से पहले कहा था कि जिस दिन केंद्र में भाजपा सरकार बनेगी धारा 370 खत्म करेंगे और सरकार बनते ही 370 धारा खत्म कर दी। हमने वादा किया था कि राम मंदिर बनाएंगे और सत्ता में आते ही राम मंदिर बना दिया। भाजपा कभी भी झूठ की राजनीति नहीं करती है आपके सभी वादे पूरे करेंगे। हिंदू हो या मुस्लिम किसी भी धर्म की महिलाएं हो हम अत्याचार सहन नहीं करेंगे और इसीलिए तीन तलाक खत्म कर दिया। इससे मुस्लिम महिलाएं भी खुश हैं।

केजरीवाल ने भी जनता को धोखा दिया
राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी जनता को धोखा दिया। वह झूठा प्रचार कर रहे हैं कि सरकार ने जेल में भिजवाया, लेकिन ऐसा नहीं है, शराब घोटाले के मामले में संजय सिंह भी जेल में गए। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही है। कानून अपना काम करेगा। जिसने भी गलत काम किया है वह जेल में होगा। हमारी सरकार गरीबों की सरकार, महिलाओं की सरकार है। आपकी सरकार है। हम भ्रष्टरचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। गलत काम करने वालों को सजा भुगतनी ही होगी।

मनोहर लाल राजनीति के संत
मनोहर लाल के बारे में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वो मनोहर लाल को 40-45 वर्ष से ज्यादा समय से जानते हैं। उन पर कभी चरित्र या भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। वे राजनीति में संत की तरह हैं। आप उन्हें भारी मतों से जिताकर दिल्ली भेजें वे वहां भी आपके विकास के लिए काम करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *