• Sun. Aug 30th, 2026

रेवाड़ी में पत्नी को सड़क पर घसीटकर पीटा: बाल पकड़कर जमीन पर पटका, लात-घूंसे बरसाए; महिला चीखती रही- “मम्मी… मम्मी”

रेवाड़ी में पत्नी को सड़क पर घसीटकर पीटा: बाल पकड़कर जमीन पर पटका, लात-घूंसे बरसाए; महिला चीखती रही- “मम्मी… मम्मी”रेवाड़ी में पत्नी को सड़क पर घसीटकर पीटा: बाल पकड़कर जमीन पर पटका, लात-घूंसे बरसाए; महिला चीखती रही- “मम्मी… मम्मी”

रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी से पति-पत्नी के विवाद का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। बावल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति अपनी पत्नी को घर से सड़क तक बाल पकड़कर घसीटता और उसके साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। महिला बचने के लिए लगातार “मम्मी… मम्मी” चिल्लाती रही, लेकिन पति ने उसकी पिटाई जारी रखी।

घटना का करीब 27 सेकेंड का वीडियो सामने आया है, जिसे महिला की ओर से शेयर किया गया बताया जा रहा है। वीडियो में पति महिला को सड़क पर गिराकर पीटता, उसके बाल खींचता और हाथ मरोड़ता नजर आ रहा है।

सड़क पर गिराकर की पिटाई

वीडियो में दिखाई देता है कि पति महिला को सड़क पर पटक देता है। इसके बाद उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट करता है। महिला खुद को बचाने के लिए गुहार लगाती है और बार-बार अपनी मां को पुकारती है।

महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। वीडियो में एक व्यक्ति और एक महिला भी पति-पत्नी के पास आते दिखाई दे रहे हैं।

मारपीट के बाद पति खुद पहुंचा अस्पताल

घटना के बाद पति अस्पताल पहुंचा और आरोप लगाया कि पत्नी ने उसके साथ मारपीट की तथा लाठी से हमला किया। इसके बाद उसकी मेडिको-लीगल रिपोर्ट (MLR) कराई गई और वह ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हुआ।

इसके बाद पति ने 19 जुलाई को बावल थाने पहुंचकर पत्नी के खिलाफ शिकायत दी। उसने आरोप लगाया कि पत्नी समय पर खाना नहीं देती, बात-बात पर झगड़ा करती है और कुछ समय से उसके साथ मारपीट भी कर रही है। पति ने पत्नी से जान का खतरा होने की बात भी कही।

पत्नी का आरोप- शराब पीकर करता है मारपीट

वहीं, पत्नी ने पति के आरोपों से अलग कहानी बताई है। उसका कहना है कि पति कोई काम नहीं करता और शराब पीकर अक्सर घर में झगड़ा करता है।

महिला के मुताबिक, वह खुद एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है और घर के खर्च के साथ तीन बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी खुद उठाती है। इसके बावजूद पति उसके साथ मारपीट करता है।

पत्नी के खिलाफ FIR, जांच जारी

बावल थाना प्रभारी फूल कुमार के अनुसार, पति की शिकायत और MLR के आधार पर पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और पत्नी से पूछताछ के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब बड़ा सवाल यह है कि सड़क पर पत्नी के साथ मारपीट करने वाले वीडियो की पुलिस जांच में क्या सामने आता है और पूरे विवाद की असली वजह क्या है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *