रोहतक: महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) में भाजपा नेता के बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 20-25 छात्रों ने युवक को कैंटीन से घसीटकर बाहर निकाला और तवे व चमचों से पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक आरोपियों से माफी मांगते हुए नजर आ रहा है।
वीडियो में कुछ युवक देव सिंह को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक उसे नीचे गिराकर पीटता है। इस दौरान देव बार-बार ‘भाई गलती हो गई, रुक जाओ’ कहता सुनाई देता है। वहीं, एक अन्य वीडियो में युवक तवा लेकर देव की ओर दौड़ता नजर आ रहा है।
कैंटीन में पार्टनरशिप का दावा
देव के पिता और रोहतक के बरनावठी निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष भूप सिंह के अनुसार, उनके बेटे की MDU की FDC कैंटीन में पार्टनरशिप है। बुधवार दोपहर देव कैंटीन में बैठा था। इसी दौरान गांव खेड़ी साध निवासी विक्की अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
भूप सिंह का आरोप है कि देव को अकेला देखकर आरोपियों ने हमला किया और बाद में धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि देव पर पहले भी विक्की हमला कर चुका है।
पहले भी हमले का आरोप
भूप सिंह के मुताबिक, 17 दिसंबर 2025 को भी यूनिवर्सिटी कैंपस में देव पर हमला किया गया था। उनका आरोप है कि उस दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो से देव को कुचलने की कोशिश की गई थी। कुछ छात्रों द्वारा गाड़ी पर पथराव करने के बाद देव की जान बची और आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की शिकायत PGI थाना पुलिस को दी गई है। मारपीट में देव घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है।
PGI थाना SHO नवीन के अनुसार, छात्रों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल युवक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब सामने आए वीडियो और शिकायत के आधार पर घटना में शामिल छात्रों की पहचान करने में जुटी है।
