• Sat. Sep 12th, 2026

सोनीपत में पुलिस एनकाउंटर में बदमाश गोपाल ढेर, हेड कॉन्स्टेबल को लगी गोली

सोनीपत में पुलिस एनकाउंटर में बदमाश गोपाल ढेर, हेड कॉन्स्टेबल को लगी गोलीसोनीपत में पुलिस एनकाउंटर में बदमाश गोपाल ढेर, हेड कॉन्स्टेबल को लगी गोली

सोनीपत में CIA टीम की कार्रवाई, मुठभेड़ में दोनों तरफ से चली गोलियां; आरोपी पर दर्ज थे 25 से ज्यादा संगीन मामले

सोनीपत।
हरियाणा के सोनीपत में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से एक हेड कॉन्स्टेबल घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

मृतक बदमाश की पहचान अटायल गांव निवासी गोपाल उर्फ गोपी (45) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक गोपाल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग और अन्य गंभीर अपराधों के 25 से ज्यादा मामले दर्ज थे। उसे दो मामलों में उम्रकैद की सजा भी हो चुकी थी, लेकिन वह पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार चल रहा था।

हत्या की फिराक में घूम रहा था बदमाश

पुलिस के अनुसार गोपाल पैरोल पर आने के बाद दोबारा अपराधों में सक्रिय हो गया था। वह अपने ही गांव के एक व्यक्ति की हत्या करने की योजना बना रहा था। इससे पहले भी वह उस व्यक्ति पर फायरिंग कर चुका था।

सोमवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गोपाल नहर के रास्ते एमपी माजरा, खूबडू होते हुए अटायल गांव की तरफ जा रहा है। सूचना के बाद CIA-1 गन्नौर की टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी।

पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग

पुलिस कमिश्नर ममता सिंह के अनुसार जैसे ही पुलिस टीम बदमाश के करीब पहुंची, उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब 9 राउंड गोलियां चलाईं।

गोपाल ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हेड कॉन्स्टेबल को लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह के बाएं हाथ में लगी। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत खानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मौके से दो अवैध हथियार, बिना नंबर प्लेट की बाइक और कारतूसों के खोल बरामद किए हैं।

70 दिन की पैरोल पर आया था बाहर

पुलिस जांच में सामने आया कि गोपाल करीब ढाई महीने पहले 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद उसने लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक पैरोल के दौरान:

मई में अटायल गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग की।
इसके बाद शराब ठेके पर लूट के इरादे से फायरिंग और आगजनी की वारदात की।
पानीपत के समालखा क्षेत्र से ब्रेजा कार चोरी का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज था।
CIA टीम ने की कार्रवाई

मुठभेड़ की कार्रवाई CIA-1 गन्नौर प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव के नेतृत्व में की गई। टीम में PSI रविकांत, PSI ओमवीर, SI मुकेश, ASI विजेश्वर, ASI कृष्ण, हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र, हेड कॉन्स्टेबल राकेश, कॉन्स्टेबल विकास सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और मौके से मिले हथियारों व अन्य सबूतों को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *