हरियाणा। हरियाणा में इनेलो नेता के घर से कुबेर का खजाना मिलने की खबर सामने आयी है। दरअसल गुरूवार सुबह हरियाणा में अवैध खनन मामले को लेकर ईडी की टीम ने अचानक 20 जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान ईडी ने इनेलो नेता और पूर्व विधायक रह चुके दिलबाग सिंह के घर भी छापा मारा। दिलबाग सिंह के ठिकानों से बड़ी मात्रा में कैश बरामद किया है। ईडी ने अभी तक 5 करोड़ के नोटों की गिनती की है। अभी भी कैश की गिनती जारी है। इसके अलावा विदेशी हथियार और 300 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। सोने के बिस्किट भी मिले हैं। जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई अवैध खनन मामले की है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह से ही हरियाणा के कई जिलों में ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी से खनन कारोबारियों में खलबली मची हुई है।कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुए अवैध माइनिंग के मामलों के बाद यह ईडी का यह बड़ा एक्शन है। जांच एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत यमुनानगर, सोनीपत, मोहाली, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और करनाल में भी तलाशी ली।यमुनानगर के पूर्व विधायक और आईएनएलडी नेता दिलबाग सिंह के घर, कार्यालय और विभिन्न ठिकानों पर भी ईडी की टीमों ने एक साथ दस्तक दी। दिलबाग सिंह और उनके संपर्क में आने वाले खनन कारोबारियों से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, खनन से जुड़े दस्तावेजों को भी खंगाला जा रहा है। ईडी की टीमों के साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के सशस्त्र जवान मौजूद थे।
दिलबाग सिंह इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के समधी हैं। चार साल पहले दिलबाग सिंह की बेटी की शादी अभय सिंह चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला से हुई थी।
ईडी ने दिलबाग सिंह के ठिकानों से चौंकाने वाली चीजें भी बरामद की गई हैं। दिलबाग सिंह के ठिकानों पर जब नोटों की गड्डियां मिलने लगीं तो ईडी के अफसर भी हैरान रह गए। आधी रात के बाद साढ़े 12 बजे तक 5 करोड़ रुपये की गिनती की जा सकी थी। बरामद कैश की गिनती फिलहाल की जा रही है। अवैध हथियार भी जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि यह हथियार विदेशी हैं। इसके अलावा ईडी ने 4-5 किलो सोने के बिस्किट, 300 कारतूस और 100 शराब की बोत्तलें बरामद की हैं। इसके साथ ही ईडी के अधिकारियों ने देश-विदेश में कई चल एवं अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं।
यमुनानगर के अलावा फरीदाबाद, सोनीपत, करनाल, मोहाली और चंडीगढ़ में भी ईडी की टीमें छापेमारी कर रही है। सोनीपत में कांग्रेस के विधायक सुरेंद्र पंवार और उनके सहयोगी सुरेश त्यागी के घर भी ईडी की टीम पहुंची है। करनाल में बीजेपी नेता मनोज वधवा के घर ईडी ने छापेमारी की है। सेक्टर-13 में बीजेपी नेता मनोज वधवा का घर है, जहां पर ईडी की टीम दस्तवाजों को खंगाल रही है। यमुनानगर में मनोज वधवा खनन कारोबार से जुड़े हैं। वह साल 2014 में मनोहर लाल के खिलाफ चुनाव लड़े थे। उस दौरान वह इनेलो में थे।