• Sun. Sep 6th, 2026

CM मनोहर लाल के नेतृत्व में आज बॉक्सर स्वीटी बूरा ,दीपक हुड्‌डा और पूर्व कांग्रेस मंत्री कृष्ण मूर्ति करेंगे BJP ज्वाइन ,AAP नेता नजरबंद

हरियाणा। CM मनोहर लाल के नेतृत्व में आज बॉक्सर स्वीटी बूरा ,दीपक हुड्‌डा और पूर्व कांग्रेस मंत्री कृष्ण मूर्ति BJP ज्वाइन करेंगे। मिली जानकरी के अनुसार आज सीएम मनोहर लाल भूपेंद्र हुड्डा के गढ़ में सियासी पारी खेलने जा रहे हैं। पूर्व कांग्रेसी मंत्री कृष्ण मूर्ति हुड्‌डा, वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर व भीम अवॉर्डी स्वीटी बूरा और उनके पति भारतीय कबड्‌डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्‌डा आज भाजपा में शामिल होंगे। रोहतक में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री मनोहर लाल तीनों को पार्टी में शामिल कराएंगे।

स्वीटी बूरा और दीपक हुड्‌डा ने एक दिन पहले ही सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भाजपा में शामिल होने की बात कही। कृष्णमूर्ति हुड्‌डा सेक्टर 6 स्थित राजीव गांधी स्टेडियम से अपने समर्थकों के साथ जुलूस लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे।स्वीटी ने कहा- “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश हित के कार्यों से वे काफी प्रभावित हुए हैं। उनके नेतृत्व में मौका मिला तो मैं देश की सेवा में अपना योगदान दूंगी। इसीलिए मैं 12 फरवरी को रोहतक BJP भवन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में भाजपा जॉइन कर रही हूं।”

नवीन जयहिंद और AAP जिला उपाध्यक्ष नजरबंद
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के रोहतक आने से पहले नवीन जयहिंद और आम आदमी पार्टी (AAP) के जिला उपाध्यक्ष इंजीनियर नवीन सांपला को पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया है। पुलिस के अधिकारी सुबह ही दोनों के घर पहुंच गए।नवीन जयहिंद ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि पुलिस उनके पास क्यों आई है। जब-जब मुख्यमंत्री साहब रोहतक आते हैं तो उनकी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जाता है। उन्होंने तो बस एक ही बात कही थी कि उनकी मुख्यमंत्री से मिलने की तमन्ना है। 50 हजार भर्तियों समेत अन्य मांगों को लेकर उनसे बात करनी है।

कृष्ण मूर्ति ने कांग्रेस छोड़ बीजेपी का थामा दामन
पूर्व मंत्री कृष्ण मूर्ति हुड्‌डा ने 10 फरवरी को कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा ई-मेल के जरिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा। हुड्डा ने कहा कि पार्टी में चल रही गलत नीतियों को लेकर उन्होंने राहुल गांधी से मिलने का प्रयास किया। वह पिछले 10 साल से केवल राहुल गांधी से मिलने के लिए समय मांगते रहे, लेकिन समय नहीं मिला। इसलिए कांग्रेस पार्टी छोड़ने का फैसला किया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिता-पुत्र (भूपेंद्र हुड्‌डा-दीपेंद्र हुड्‌डा) की पार्टी बनकर रह गई है। दोनों किसी भी नेता को रोहतक में उभरने नहीं देते। वे अपनी मनमानी करते हैं।

स्वीटी बूरा कबड्‌डी के बाद बॉक्सिंग में आई
10 जनवरी 1993 को हरियाणा के हिसार में एक किसान परिवार में स्वीटी बूरा का जन्म हुआ था। स्वीटी बूरा का शुरुआत से ही रुझान कबड्डी की तरफ था। वह हरियाणा से कबड्डी की स्टेट लेवल प्लेयर भी बनीं। हालांकि, साल 2009 में उनके जीवन ने करवट ली।पिता महेंद्र सिंह बूरा के आग्रह पर स्वीटी ने कबड्डी छोड़ बॉक्सिंग शुरू की। इसके बाद स्वीटी ने भी कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *