फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: ड्यूटी जाने को कहने पर पति ने 6 माह की गर्भवती पत्नी की हत्या
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी छह माह की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर डुबोकर उसकी जान ले ली।
हत्या के बाद आरोपी ने अपने चाचा को फोन कर वारदात की जानकारी दी और फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
ड्यूटी जाने की बात पर हुआ था विवाद
मृतका की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने पति अमित गुप्ता के साथ फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 में रह रही थी।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह नेहा ने पति अमित को रोज की तरह नौकरी पर जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अमित ने अपना आपा खो दिया और पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि उसने पहले दुपट्टे से गला घोंटने की कोशिश की और बाद में बाथरूम में रखी पानी की बाल्टी में सिर डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद चाचा को किया फोन
वारदात के बाद अमित ने अपने चाचा को फोन कर कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक महीने पहले ही नए घर में किया था गृह प्रवेश
नेहा और अमित की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। दोनों ने करीब एक महीने पहले ही नए मकान में गृह प्रवेश किया था।
परिजनों के अनुसार नेहा गर्भवती थी और परिवार आने वाले बच्चे को लेकर काफी खुश था। मृतका के जीजा ने आरोप लगाया कि अमित छोटी-छोटी बातों पर अक्सर झगड़ा करता था।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पति की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।
फरीदाबाद से यह वारदात एक बार फिर घरेलू विवादों की भयावह तस्वीर सामने लाती है।