• Tue. Aug 25th, 2026

मामन खान पर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का ये आरोप जिसके चलते कोर्ट ने दिए 14 दिन की न्यायिक हिरासत के आदेश

Byalakhharyana@123

Sep 19, 2023

नूंह। नूंह हिंसा के बाद मामन खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विधायक मामन खान की आज रिमांड अवधि खत्म हो गयी थी जिसके चलते उनको आज फिर कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया था। कांग्रेस विधायक मामन खान को सीजेएम जोगेंद्र सिंह की कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। दोनों पक्षों के वकील के बीच करीब 20 मिनट तक बहस हुई। जिसके बाद कोर्ट ने फैसला सुनाया।

स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने कांग्रेस विधायक पर आरोप लगाया है कि वो जांच में उनका सहयोग नहीं कर रहे हैं।स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम के अधिकारियों का कहना है कि मामन खान ने अपने दर्ज बयान पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया है। इससे जांच पूरी होने में दिक्कतें आ रही हैं ।कोर्ट में शिकायत के बाद एसआईटी ने विधायक पर IPC की धारा 180 (कानूनी रूप से आवश्यक होने पर एक लोक सेवक को दिए गए बयान पर हस्ताक्षर करने से इनकार करना) के तहत मामला दर्ज किया है।

कांग्रेस विधायक की पेशी को देखते हुए नूंह में आज रात तक इंटरनेट सेवाओं को भी बंद किया गया है। इसी के मद्देनज़र नूंह के न्यायिक परिसर के मुख्य द्वार पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। इसके अलावा पलवल टी प्वाइंट, अडबर चौक समेत जिले के मुख्य स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कोई भी उपद्रवी बीच में अशांति न फैला दे।

आपको बता दें कि मामन खान हरियाणा की फिरोजपुर झिरका सीट से कांग्रेस विधायक हैं। विधायक मामन खान पर नूंह में हुई हिंसा को भड़काने के आरोप हैं। इसी के चलते मामन खान को 14 सितंबर को नूंह पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार विधायक मामन खान पर 3 FIR दर्ज हैं , जिसके बाद से मामन खान को दो बार 2-2 दिन की रिमांड मिली । हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने भी मामन खान की गिरफ्तारी से पहले मामन की इस हिंसा में भूमिका होने का जिक्र किया था।

दरअसल 31 जुलाई को नूंह में हिंदू संगठनों ने मिलकर ब्रज मंडल शोभायात्रा निकाली थी। इस दौरान 2 समुदायों के बीच हिंसक घटना हुई थी। यात्रा कर रहे लोगों पर पथराव किया गया। इस हिंसा में 2 होमगार्ड के जवान समेत 6 लोगों की मौत हुई थी और 60 से अधिक लोग घायल भी हुए। नूंह हिंसा में उपद्रवियों ने 50 से ज्यादा वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। वहीं, नूंह हिंसा मामले में पुलिस ने अब तक 500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस हमले के कारण नूंह, गुरुग्राम, पलवल, रेवाड़ी, फरीदाबाद, सहित आसपास के क्षेत्रों में सांप्रादायिक हिंसा भड़क गई थी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *