• Wed. Aug 26th, 2026

हरियाणा के CM ने की एचपीपीसी और एचपीडब्ल्यूपीसी की बैठक की अध्यक्षता,बैठक में 1645 करोड़ रुपये से अधिक के कॉन्ट्रैक्ट और वस्तुओं की खरीद को दी गई मंजूरी

हरियाणा। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने एचपीपीसी और एचपीडब्ल्यूपीसी की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने आज उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (एचपीपीसी), हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी (एचपीडब्ल्यूपीसी) और विभागीय उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (डीएचपीपीसी) की बैठक में 1645 करोड़ रुपये से अधिक के कॉन्ट्रेक्ट तथा विभिन्न वस्तुओं की खरीद को मंजूरी दी गई। बैठक में विभिन्न बोलीदाताओं से नेगोसिएशन के बाद दरें तय करके लगभग 29 करोड़ रुपये की बचत की गई है।

इस दौरान बैठक में परिवहन मंत्री श्री मूलचंद शर्मा, ऊर्जा मंत्री श्री रणजीत सिंह, सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल, विकास एवं पंचायत मंत्री श्री देवेंद्र सिंह बबली और श्रम राज्य मंत्री श्री अनूप धानक भी उपस्थित थे।

हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में सिंचाई, क्रिड, पुलिस, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल), उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन), जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, शुगरफेड, विकास एवं पंचायत विभागों के 29 एजेंडे, डीएचपीपीसी में 7 एजेंडे तथा हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी में सिंचाई, लोक निर्माण (भवन और सड़कें) सहित कुल 20 एजेंडे रखे गए और सभी एजेंडों को मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा ओल्ड पुलिस लाईन, हिसार में 48 टाईप-।। तथा 24 टाईप-।।। तीन मंजिला मकान बनाने को मंजूरी दी गई। इसके अलावा, गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने, 63 केवीए ट्रांसफार्मर की खरीद, शुगरफेड के लिए पीपी बैग, भारतनेट परियोजना के तहत गांवों में फायबर इंटरनेट सेवा प्रदान करने के लिए भी कॉन्ट्रेक्ट को मंजूरी दी गई। साथ ही, 2 हजार लीटर क्षमता की 36 सीवेज सफाई मशीनों की खरीद को मंजूरी दी गई। इससे छोटी गलियों में जाकर सीवरेज की सफाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

बैठक में मंजूर किए गए कॉन्ट्रेक्ट में खासतौर पर हिसार-बालसमंद सड़क को 4 लेन बनाने, उचाना से लितानी सड़क का सुदृढ़ीकरण कार्य, जिला रेवाड़ी में सैनिक स्कूल, गोठरा, टप्पाखोड़ी में आवासीय भवनों का निर्माण, जिला गुरुग्राम के जमालपुर गांव में सीवरेज सुविधाएं प्रदान करने, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व जलापूर्ति में सुधार तथा इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर, साहा अंबाला के सेक्टर- 1, 2 व 3 में सड़कों का सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल है।

बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा वित्त आयुक्त राजस्व और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री टीवीएसएन प्रसाद, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनंद मोहन शरण, ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री एक सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी उमाशंकर, बिजली निगमों के चेयरमैन श्री पीके दास, मुख्यमंत्री के सलाहकार (सिंचाई) श्री देवेंद्र सिंह, आपूर्ति एवं निपटान विभाग के महानिदेशक श्री मोहम्मद शाइन, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री साकेत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *