• Tue. Sep 1st, 2026

कुरुक्षेत्र में महायज्ञ के दौरान हंगामा, फायरिंग में ब्राह्मण घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Byalakhharyana@123

Mar 22, 2025
Ruckus during Mahayagna in Kurukshetra, Brahmin injured in firing, police resorted to lathichargeRuckus during Mahayagna in Kurukshetra, Brahmin injured in firing, police resorted to lathicharge

कुरुक्षेत्र, 22 मार्च – हरियाणा के कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में चल रहे 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब ब्राह्मणों पर फायरिंग कर दी गई। घटना के पीछे बासी भोजन को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। गोली लगने से एक ब्राह्मण घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बासी खाने का विरोध करने पर बाउंसरों ने चलाई गोली

महायज्ञ में देशभर से 1,500 से अधिक ब्राह्मणों को आमंत्रित किया गया था। ब्राह्मणों का आरोप है कि आयोजकों द्वारा उन्हें बासी भोजन दिया जा रहा था, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे थे। शनिवार सुबह इसी मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आयोजकों के बाउंसरों ने फायरिंग कर दी।

इस गोलीकांड में लखनऊ निवासी आशीष तिवारी घायल हो गए। जैसे ही घटना की खबर फैली, गुस्साए ब्राह्मणों ने थीम पार्क के सामने सड़क जाम कर दी और उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया

पथराव और तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज

आक्रोशित ब्राह्मणों ने यज्ञशाला के बैनर फाड़ दिए, सड़क किनारे लगे पोस्टरों को डंडों से तोड़ दिया और वाहनों को रोककर हंगामा किया। उन्होंने यज्ञशाला का द्वार भी तोड़ दिया और वहां से गुजर रहे यात्री वाहनों को रोकने लगे।

स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस मौके पर पहुंची और लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। हालांकि, बड़ी संख्या में ब्राह्मण अभी भी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़कों पर डटे हुए हैं।

आयोजकों और बाउंसरों पर गंभीर आरोप

ब्राह्मणों का कहना है कि महायज्ञ शुरू होने के पहले दिन से ही आयोजकों के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उन्हें परेशान कर रहे थे। किसी भी बात पर मारपीट की जा रही थी, यहां तक कि बिना वजह किसी को थप्पड़ या डंडा मारा जाता था।

फिलहाल, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।

कुरुक्षेत्र से ‘अलख हरियाणा’ के लिए विशेष रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *