• Mon. Aug 24th, 2026

सुनैना चौटाला का सांसद जयप्रकाश के परुष प्रधान बयान पर पलटवार ,कहा – महिलाओं से मांगे माफी

इनेलो महिला प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला ने हिसार से कांग्रेस के सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी द्वारा ‘‘विरासत महिलाओं की नहीं, पुरूषों की होती है’’ जैसे दिए गए बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश पुरुष प्रधान मानसिकता से ग्रस्त हैं। जेपी शायद यह भूल गए है कि जिस कांग्रेस पार्टी से वो संबंध रखते हैं उस पार्टी की कमान संभालने वाली इंदिरा गांधी ही थी।

उसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मृत्यु के बाद सोनिया गांधी ने कांग्रेस पार्टी की कमान संभाली। वो दोनो ही महिला थी। सांसद जयप्रकाश द्वारा इस तरह से महिलाओं पर ओछी टिप्पणी करना बेहद अशोभनीय और निंदनीय है। यह उनकी उनकी छोटी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने जैसे कहा कि पुरुष ही विरासत को संभालते हैं तो वो इस बात का भी ध्यान रखें कि पुरूष को पैदा करने वाली भी महिला ही होती हैं। ऐसे नेता कभी भी समान रूप से समाज का विकास नहीं करवा सकते क्योंकि वो हमेशा महिला और पुरुष में अंतर रखते हैं। ऐसे लोग महिलाओं को हमेशा अपने पैर की जूती समझते हैं और महिलाओं को निचले पायदान पर रखने का ही काम करते हैं।

सुनैना चौटाला ने कहा कि आज संसार के सभी देश महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रहे हैं और भारत देश भी उनमें से एक है। कांग्रेस पार्टी को भी उनके सांसद जयप्रकाश की टिप्पणी पर अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए कि क्या यह उनकी पार्टी का अधिकारिक बयान है, अगर यह कांग्रेस पार्टी का अधिकारिक बयान है तो राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। अगर नहीं तो फिर सांसद जयप्रकाश देश की सभी महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे नहीं तो आने वाले चुनावों में महिलाएं कांग्रेस पार्टी को आइना दिखा देंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *